Home latest नगर की समस्याओं को लेकर नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन, त्वरित समाधान की...

नगर की समस्याओं को लेकर नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन, त्वरित समाधान की मांग

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

झालावाड़ (सुनील निगम)। झालावाड़ जिले के डग नगर में मूलभूत समस्याओं को लेकर नगरवासियों ने अधिशासी अधिकारी मनीष मीणा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि नए वार्ड संख्या 16 एवं पुराने वार्ड संख्या 20 में अधिकांश ट्यूबवेल खराब पड़े हुए हैं। साथ ही, नल जल आपूर्ति सप्ताह में केवल एक बार ही हो रही है, जिससे क्षेत्र में गंभीर जल संकट बना हुआ है। भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों ने ट्यूबवेलों को शीघ्र चालू करवाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

इसके अलावा, डोबड़ा रोड के मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से मांस-मटन की दुकानों के संचालन का मुद्दा भी उठाया गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पटवार घर के समीप सलीम कसाई की दो दुकानें संचालित हो रही हैं, वहीं आसपास अन्य स्थानों पर भी अवैध रूप से यह गतिविधियां जारी हैं। नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर धार्मिक स्थल स्थित है, जहां से साधु-संत और आमजन का आवागमन रहता है। ऐसे में यहां प्रतिबंधित पशुओं के वध की गतिविधियां आस्था और कानून दोनों के लिहाज से चिंताजनक हैं।

साथ ही, गढ़ी वाले हनुमान जी मंदिर जाने वाले मार्ग की स्थिति भी खराब बताई गई है। रास्ता क्षतिग्रस्त होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क को दुरुस्त करवाने की मांग की है।

नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version