Home crime टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस की बड़ी...

टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मुंबई के जुहू में वारदात के बाद फरार थे आरोपी, कोटा जंक्शन से दो युवक और एक नाबालिग डिटेन; मुंबई पुलिस को दी सूचना

जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोटा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल होने के संदिग्ध तीन लोगों को कोटा रेलवे जंक्शन से दस्तयाब किया है। इनमें दो युवक और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर राजस्थान के रास्ते विदेश भागने की फिराक में थे।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार और कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को आसूचना और तकनीकी इनपुट मिले थे कि मुंबई में फायरिंग की वारदात के बाद फरार संदिग्ध राजस्थान के रास्ते निकलने की कोशिश कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर कोटा रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर तीनों को दस्तयाब कर लिया।

हरियाणा, बिहार और मुंबई से जुड़े हैं संदिग्ध

पुलिस के अनुसार, दस्तयाब किए गए संदिग्धों की पहचान रेहान उर्फ सुक्का (18), निवासी ईदगाह कॉलोनी, सोनीपत, हरियाणा; ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22), निवासी पिपराई, बेगूसराय, बिहार और वर्तमान निवासी अंधेरी वेस्ट, मुंबई; तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है।

पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों को सूचना दे दी गई है। फायरिंग की वारदात में उनकी कथित भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जाएगी।

कई पुलिस इकाइयों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में रेलवे कॉलोनी थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा, भीमगंजमंडी थाना प्रभारी रामविलास मीणा, डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक लईक अहमद, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजय सिंह, एजीटीएफ के उपनिरीक्षक प्रताप सिंह तथा आरपीएफ कोटा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक चोप सिंह डाबर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कोटा पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय स्तर पर फरार संदिग्धों की तलाश में अहम कदम माना जा रहा है। अब मुंबई पुलिस की आगे की जांच में फायरिंग के कारणों और आरोपियों की कथित भूमिका से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version