लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
-हादसे में बाइक सवार 3 जने हुए घायल,
-घायलों को उपजिला अस्पताल में कराया भर्ती,
-2 जनों को गंभीर हालत में जयपुर किया रेफर,
-सड़क पर बने गड्ढे से बचने के चक्कर में हुआ हादसा,
-घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की लगी भीड़,
-ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जताया रोष,
-मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर मामला कराया शांत,
-चाकसू के शिव डूंगरी मोड़ टोंक रोड़ कस्बे की घटना।
चाकसू –
चाकसू कस्बे के टोंक रोड स्थित शिव डूंगरी मोड़ के पास एक अनियंत्रित बस ने दो बाइकों को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार तीन जने घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को स्थानीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बने गड्ढे से बचने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और 2 बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि एक बाइक बस के आगे के हिस्से में फंस गई। हादसे में बाइक सवार मध्यप्रदेश निवासी अनवर अली व लाल मोहम्मद घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार चाकसू निवासी गुलाब चंद घायल हो गया। लाल मोहम्मद और अनवर अली को गंभीर हालत होने पर जयपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताते हुए लापरवाही को हादसे का कारण बताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए है और बारिश का पानी भरा होने से गड्ढों का पता नहीं चल पाता।
यहां आए दिन हादसे होते रहते है। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाइश कर मामला शांत करवाया। हादसे के चलते कुछ देर तक मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।














































