लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर ।
शहर में आज अमायरा के लिए न्याय की मांग को लेकर अभिभावकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शहीद स्मारक, पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में माता-पिता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक इस विरोध में शामिल हुए।
न्याय न मिलने से लोगों में बढ़ा आक्रोश
पिछले कई दिनों से मामले में कार्रवाई की कमी को लेकर लोगों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि “आज अमैरा के साथ हुआ है, कल किसी और के साथ भी हो सकता है। इसलिए बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों का एकजुट होना जरूरी है।”
कैंडल मार्च के साथ अमायरा को श्रद्धांजलि
शाम 6 बजे शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें लोगों ने मोमबत्तियाँ जलाकर अमायरा को श्रद्धांजलि दी। सभी ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर ठोस नीतियों और सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
संयुक्त अभिभावक संघ ने दिया समर्थन
संयुक्त अभिभावक संघ ने पहले ही अभिभावकों से बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की थी। संघ का कहना है कि निजी स्कूलों की मनमानी रोकने, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बेहतर शिक्षा माहौल बनाए रखने के लिए माता-पिता को संगठित रहना आवश्यक है।
संघ ने प्रशासन से मांग की कि अमायरा के मामले में त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तथा दोषियों पर कठोर कदम उठाए जाएँ, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।
अभिभावकों के लिए हेल्पलाइन जारी
किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के लिए संयुक्त अभिभावक संघ ने हेल्पलाइन जारी की है—
हेल्पलाइन नंबर: 9772377755











































