मेरी ट्रेवल डायरी से
कंटेंट : राखी जैन वरिष्ठ पत्रकार
फोटो : योगेश शर्मा वरिष्ठ फोटो जनर्लिस्ट

अरावली की पहाड़ियों की तलहटी में, अलवर शहर के मध्य स्थित है एक ऐसा स्मारक — जो सिर्फ एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि श्रद्धा, प्रेम और बलिदान की जीवित प्रतीक है। यह है मूसी रानी की छतरी, जो अलवर के सागर तालाब के किनारे स्थित है और राजा बख्तावर सिंह तथा उनकी सती रानी मूसी की स्मृति में बनाई गई थी।
स्मारक से पहले, एक लोकविश्वास…
यह छतरी सिर्फ एक स्थापत्य चमत्कार नहीं, बल्कि स्थानीय आस्था का भी केंद्र है। कहा जाता है कि यहां बने राजा और रानी के पदचिन्हों को पानी से धोकर यदि कोई उस जल को अपने शरीर पर लगाता है, तो उसे शारीरिक व्याधियों से राहत मिलती है। यह श्रद्धा आज भी कई लोगों को यहां खींच लाती है।
सागर और नौका विहार की स्मृतियाँ
छतरी के पास ही स्थित है ऐतिहासिक सागर तालाब, जहां कभी महाराजा नौका विहार किया करते थे। तालाब के शांत जल में छतरी की परछाई एक ऐसा दृश्य बनाती है, जो आंखों से उतरकर मन में बस जाती है।
मूसी रानी — एक सती, एक स्मृति
इतिहास के पन्नों में दर्ज है कि महाराज बख्तावर सिंह की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी मूसी रानी, जो उनसे उम्र में काफी छोटी थी, उनकी चिता पर सती हो गईं। यह स्मारक उनकी स्मृति और बलिदान को नमन करने हेतु महाराज विनय सिंह द्वारा बनवाया गया।
छतरी का स्थापत्य सौंदर्य
यह दो मंजिला छतरी लाल बलुआ पत्थर से बनी है, और पूरी संरचना पत्थरों के स्तंभों पर टिकी है। इसकी भीतरी छत पर पौराणिक कहानियों के रंगीन चित्र उकेरे गए हैं – विशेषकर कृष्ण लीला और राजा की हाथी पर सवारी का भव्य दृश्य। सूर्यास्त के समय जब सुनहरी किरणें इसके गुंबदों पर पड़ती हैं, तो उसकी छाया सागर में उतरती हुई, जैसे इतिहास को फिर से जीवंत कर देती है।
एक सांस्कृतिक केंद्र
मूसी रानी की छतरी न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण है, बल्कि अलवर की सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बन चुकी है। यहाँ मत्स्य उत्सव जैसे आयोजनों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होती हैं, और राजस्थान पर्यटन विभाग समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित करता है।
एक स्मृति, एक प्रेरणा
मूसी रानी की छतरी उन विरलों में से एक धरोहर है, जो सिर्फ कैमरे में कैद नहीं होती — बल्कि आत्मा में बस जाती है। यह एक प्रेम-गाथा है, एक श्रद्धांजलि है, और साथ ही एक ऐसी वास्तुकला, जो समय की हर कसौटी पर खरी उतरती है।
Lensman Yogesh Sharma की नज़रों से
Yogesh Sharma ने इस छतरी की हर तस्वीर को एक जीवंत कथा की तरह प्रस्तुत किया है.