लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छात्राओं को रोकने पर भारतमाला हाईवे जाम
सीएम को ज्ञापन देने जा रही छात्राओं को पुलिस ने रोका, दुर्व्यवहार के आरोप; विधायक रूबी कुन्नर के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन
श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर क्षेत्र के 56 एफ राजकीय विद्यालय में शिक्षक रविंद्र कम्बोज के स्थानांतरण को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को और बढ़ गया। शिक्षक के तबादले के विरोध में धरने पर बैठी छात्राएं मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए पैदल रवाना हुईं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया।
छात्राओं ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, जिसके बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश फैल गया। मामले के विरोध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह रूबी कुन्नर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव 55 एफ जोरावर के पास भारतमाला रोड (एनएच-911) पर जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारियों ने डीवाईएसपी पुष्पेंद्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई। विधायक रूबी कुन्नर ने आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार किया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
प्रदर्शन स्थल पर विधायक ने चेतावनी दी कि यदि आधे घंटे के भीतर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर संतोषजनक आश्वासन नहीं देते हैं तो प्रदर्शनकारी अनूपगढ़ की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम और छात्राओं की मांगों से अवगत कराया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से प्रदर्शनकारियों से वार्ता के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिक्षक रविंद्र कम्बोज के स्थानांतरण को लेकर पिछले कई दिनों से छात्राएं आंदोलनरत हैं और तबादला निरस्त करने की मांग कर रही हैं। अब छात्राओं को रोकने और कथित दुर्व्यवहार के आरोपों के बाद यह मामला राजनीतिक रंग भी लेता नजर आ रहा है।
