Home latest अखेपुर में चारभुजानाथ मंदिर निर्माण की नींव स्थापना

अखेपुर में चारभुजानाथ मंदिर निर्माण की नींव स्थापना

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

कोटड़ी। मूलचन्द पेसवानी
उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती गांव अखेपुर में शनिवार को धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के वातावरण में चारभुजानाथ मंदिर के नए निर्माण की नींव स्थापना विधिवत रूप से संपन्न हुई। सवा 55 लाख रुपये की लागत से सफेद संगमरमर में बनने वाले इस भव्य शिखरबंद मंदिर का शुभारंभ गांववासियों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
सुबह से ही गांव में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। मंदिर निर्माण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्वान पंडितों ने मंदिर निर्माण की नींव डालने से पूर्व चारभुजानाथ भगवान की प्राचीन प्रतिमा को विधि-विधान से अस्थायी स्थल पर स्थापित किया। इसके बाद मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और नींव स्थापना की रस्म अदा की गई।
मंदिर निर्माण समिति के सदस्य भवानी शंकर चोधरी ने बताया कि पुराने मंदिर का स्वरूप अब पूरी तरह से बदला जाएगा। सफेद संगमरमर से बने इस नए मंदिर में अत्याधुनिक स्थापत्य कला का समावेश रहेगा। मंदिर का कुल निर्माण कार्य सवा 55 लाख रुपये की लागत से दो वर्षों में पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
गांव की आस्था को मिलेगा नया स्वरूप
चारभुजानाथ मंदिर अखेपुर गांव में केवल पूजा का स्थल नहीं बल्कि सामाजिक एकता का भी केंद्र रहा है। यहां हर वर्ष धार्मिक मेले, भजन संध्याएं, अन्नकूट महोत्सव, विवाह संस्कार और अन्य धार्मिक आयोजनों का आयोजन होता रहा है। वर्षों पुराना यह मंदिर अब अपनी भव्यता के साथ ग्रामीणों की आस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। भवानी शंकर ने बताया कि मंदिर निर्माण में गांव के भामाशाहों और श्रद्धालुओं का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। कई परिवारों ने निर्माण कार्य में आर्थिक और श्रमदान के रूप में योगदान देने का संकल्प लिया है। इस परियोजना को लेकर पूरे गांव में उत्साह देखा जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version