लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दिल्ली प्रवास के दौरान अजमेर के विकास को गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्रियों से महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं।
तारागढ़ किले के विकास पर जोर
देवनानी ने गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर ऐतिहासिक तारागढ़ किला के संरक्षण और विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा।
केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने का आश्वासन दिया।
‘फॉय सागर’ से ‘वरुण सागर’—नए आकर्षण की तैयारी
बैठक में झील के नाम परिवर्तन का भी जिक्र हुआ, जहां फॉय सागर का नाम बदलकर ‘वरुण सागर’ किया गया है। इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए यहां वरुण देव की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की योजना है।
ट्रैफिक समस्या समाधान पर चर्चा
देवनानी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान पर भी चर्चा की। उन्होंने बीएसएनएल और मुख्य डाकघर के पास सड़कों के चौड़ीकरण की मांग रखते हुए आगरा गेट क्षेत्र में यातायात सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
विकास की नई दिशा
केंद्रीय मंत्रियों ने अजमेर के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इन प्रयासों से उम्मीद है कि आने वाले समय में अजमेर पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।





















































