लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
अजमेर, संवाददाता: नितिन मेहरा – दीपावली पर्व के अवसर पर अजमेर शहर में पेयजल की कमी और सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
धर्मेंद्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर से अजमेर शहर की खराब स्थिति को सुधारने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हमेशा त्यौहारों के समय नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखा गया और विकास कोष की कमी कभी नहीं होने दी गई। वहीं, भाजपा सरकार के कार्यकाल में केवल उद्घाटन होते हैं, लेकिन वास्तविक विकास पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
राठौड़ ने कहा, “दीपावली हिंदुओं का सबसे बड़ा त्यौहार है और इस त्यौहार पर भी अजमेर में सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता में विफलता दिखाई दे रही है। जिस तरह घरों को लोग दीपावली पर सजाते-संवारते हैं, उसी तरह शहर को भी सजाना चाहिए था, लेकिन भाजपा के कुप्रबंधन के कारण हर नागरिक इसका असर झेल रहा है।”
पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर से भी चर्चा कर शहर की खराब स्थिति को सुधारने की मांग की और मुख्यमंत्री से अजमेर की समस्याओं पर शीघ्र ध्यान देने की अपील की।
