अजमेर में भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन दे रहा राहत

0
49
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अजमेर। संवाददाता: नितिन मेहरा
अजमेर में भारी वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस बीच जिला प्रशासन प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में जुटा हुआ है। जिला कलक्टर लोक बंधु के निर्देशानुसार प्रभावित इलाकों में पीने के पानी, भोजन और रहने की अस्थायी सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के. ने बताया कि बोराज तालाब से पानी निकलने के दौरान प्रभावित व्यक्तियों को राजकीय विद्यालय बोराज, रामेश्वरम विद्यालय और गुरुद्वारा में ठहरने का विकल्प दिया गया। अधिकांश लोग अब अपने घरों में लौट चुके हैं।
प्रशासन ने शुक्रवार सुबह से ही राहत वितरण शुरू किया। इस दौरान –

  • 800-800 व्यक्तियों को चाय और बिस्कुट उपलब्ध कराए गए।

  • 1300 लोगों को सुबह का भोजन और

  • 1500 लोगों को शाम का भोजन वितरित किया गया।

पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कैंपर और टैंकर भेजे गए हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर का उपयोग किया गया। वहीं, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए प्राधिकरण की ओर से जेसीबी और मड पंप लगातार संचालित किए जा रहे हैं।

आनासागर से जल निकासी

नगर निगम आयुक्त देशल दान ने बताया कि आनासागर से अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी की जा रही है। हालांकि, इससे ब्रह्मपुरी और कालाबाग की कुछ गलियों में लगभग 6 इंच तक पानी भर गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए निगम ने 3 मड पंप लगाए हैं और जल निकासी का कार्य लगातार जारी है।

इसके साथ ही राहत सामग्री का वितरण भी किया गया—

  • 153 दूध के पैकेट

  • 315 बिस्कुट के पैकेट

  • 120 फूड पैकेट

नगर निगम ने स्वास्तिक नगर बोराज गांव में भी राहत कार्य चलाए, जहाँ करीब 500 सफाई कर्मचारी और 5 जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं।

सर्वे और मुआवजा

नगर निगम के तकनीकी अधिकारियों ने मुआवजे के लिए सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि हालात को सामान्य बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here