लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (संवाददाता: नितिन मेहरा)।
अजमेर मंडल राजभाषा पखवाड़ा-2025 का शुभारंभ मंडल कार्यालय के सभा कक्ष में किया गया। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
राजभाषा पखवाड़ा के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए 10 दिनों तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने महाप्रबंधक, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर के हिंदी दिवस संदेश का वाचन किया। इसके बाद मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई, जिसमें मंडल के शाखा अधिकारी एवं स्टेशन समितियों के अध्यक्ष व प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के बाद उपस्थित अधिकारियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का समापन अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।















































