लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालक वर्ग में प्रथम और संयुक्त वर्ग में दूसरा स्थान, विद्यालय ने रचा नया कीर्तिमान
सेमारी (सलूंबर)।
राज्य सरकार द्वारा जनजाति छात्रों को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संचालित राजकीय एकलव्य मॉडल रेज़िडेंशियल स्कूल (EMRS) सराड़ा, सलूंबर ने एक बार फिर खेल जगत में नया कीर्तिमान रचा है।
विद्यालय के 17 खिलाड़ियों का चयन आगामी एकलव्य मॉडल रेज़िडेंशियल स्कूल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 10 से 16 नवंबर तक राहूखेळा (ओडिशा) में आयोजित की जाएगी।
राजस्थान में प्रथम स्थान पर रहा EMRS सराड़ा
बालक वर्ग में 11 खिलाड़ियों के चयन के साथ EMRS सराड़ा ने राजस्थान के 31 एकलव्य विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं बालक एवं बालिका संयुक्त वर्ग में विद्यालय ने प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।
उत्साह और मेहनत का परिणाम
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाड़ियों ने 1 से 7 नवंबर तक महाराणा प्रताप खेल गांव, उदयपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सभी खिलाड़ी ओडिशा के लिए रवाना हुए, जहाँ वे राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय प्राचार्य जय मीणा ने बताया कि खिलाड़ियों ने अनुशासन और समर्पण के साथ निरंतर अभ्यास किया, जिसके परिणामस्वरूप यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक पूजा चौधरी और राहुल बलिहारा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राहुल बलिहारा ने कहा कि विद्यालय प्रशासन के सहयोग और खिलाड़ियों की लगन से यह सफलता संभव हुई है।
क्षेत्र में उत्साह का माहौल
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और पूरे सलूंबर क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। यह उपलब्धि क्षेत्र के उज्ज्वल खेल भविष्य का संकेत मानी जा रही है।
