लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उपखंड क्षेत्र के श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र, सुथड़ा में जैन धर्म के चौथे तीर्थंकर भगवान अभिनंदननाथ का ज्ञान कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
प्रबंध समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं गजानंद बड़जात्या ने बताया कि भगवान अभिनंदननाथ ने कठोर तपस्या के पश्चात केवलज्ञान (पूर्ण ज्ञान) प्राप्त किया। केवलज्ञान प्राप्ति के बाद उन्होंने अपने समवशरण में गणधरों एवं अनुयायियों को जैन धर्म के सिद्धांतों का उपदेश दिया। अंततः भगवान अभिनंदननाथ ने सम्मेद शिखर पर निर्वाण (मोक्ष) प्राप्त किया।
धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन
महोत्सव के अंतर्गत प्रातः मंगलाष्टक के साथ नित्य अभिषेक एवं शांति धारा संपन्न की गई। इसके पश्चात देव-शास्त्र पूजा, चौबीस तीर्थंकर भगवानों की मूलनायक पूजा तथा भगवान अभिनंदननाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
दीपार्चना से हुआ समापन
भक्तामर संयोजक नरेंद्र जैन (बनेठा) एवं चेतन जैन (सुथड़ा) ने बताया कि सायं 6:30 बजे दीपार्चना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति भाव से भगवान की आराधना की।
महोत्सव के दौरान पूरा तीर्थ क्षेत्र भक्ति, शांति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
