Home latest आसमान में छाए बादल, बढ़ी चिंता — कटी गेहूं की फसल बचाने...

आसमान में छाए बादल, बढ़ी चिंता — कटी गेहूं की फसल बचाने में जुटे किसान

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजसमंद (गौतम शर्मा)। जिले के मुरड़ा, रकमपुरा, उलपुरा, गलवा, देवली, गोवलिया, कुंवारिया सहित आसपास के गांवों में सोमवार सुबह अचानक आसमान में बादल छा जाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को सुरक्षित करने के लिए किसान तेजी से जुट गए हैं।

कुंवारिया के किसान सुरेश चंद्र जाट ने बताया कि उनके 3 बीघा खेत में एक दिन पहले ही गेहूं की कटाई हुई थी। सोमवार सुबह जैसे ही बादल छाए, वे तुरंत थ्रेसर मशीन लेकर खेत पहुंचे और मजदूरों को बुलाकर फसल निकलवाने में लग गए। उन्होंने बताया कि फसल पूरी तरह सूखी नहीं है, इसके बावजूद खराब मौसम की आशंका के चलते आधी सूखी फसल ही निकालनी पड़ रही है।

इसी तरह क्षेत्र के अन्य किसान भी इंद्रदेव से बारिश नहीं होने की प्रार्थना कर रहे हैं। राजू लाल जाट, किशन लाल सहित कई किसान फसल को बचाने के लिए प्लास्टिक से ढकने में जुटे हुए हैं।

मौसम के अचानक बदले मिजाज से किसानों के चेहरों पर मायूसी साफ नजर आ रही है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश हो जाती है, तो खेतों में पड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से चिंता और बढ़ गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version