लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण व स्वास्थ्य जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। आरसीएम समूह की सामाजिक इकाई आरसीएम सेवा एवं सरोज देवी फाउंडेशन (एसडीएफ) को देशभर में स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, शिक्षा, रक्तदान जागरूकता, चारागाह विकास, रसायन-मुक्त खेती और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में यह पुरस्कार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा द्वारा प्रदान किया गया। फाउंडेशन की ओर से यह सम्मान कंपनी के निदेशक तथा सरोज देवी फाउंडेशन के अध्यक्ष और ट्रस्टी सौरभ छाबड़ा ने ग्रहण किया।
सौरभ छाबड़ा ने सम्मान ग्रहण करते हुए कहा कि यह पुरस्कार आरसीएम परिवार की सेवा-भावना, समर्पण और समाज के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा महिला स्वास्थ्य व मासिक धर्म स्वच्छता, स्वच्छता जागरूकता, कौशल विकास, महिला उत्थान, संपूर्ण शिक्षा, रक्तदान शिविर एवं रक्तदान प्रचार, चारागाह विकास, प्राकृतिक रसायन-मुक्त खेती, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन जैसे अनेक सामाजिक अभियानों पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है।
समाज सेवा की इस निरंतर यात्रा में सौरभ छाबड़ा को तिलोक छाबड़ा का मार्गदर्शन और प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है। उनके सहयोग से फाउंडेशन ने वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, महिला अधिकार जागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदान, किसानों को रसायन-मुक्त खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने, जल संरक्षण मॉडल स्थापित करने तथा ग्रामीण चारागाहों के विकास जैसी कई उल्लेखनीय पहलें सफलतापूर्वक पूरी की हैं।
आरसीएम सेवा एवं सरोज देवी फाउंडेशन के कार्यों से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा भी सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में सक्रिय हो रहे हैं। संस्था का लक्ष्य आने वाले समय में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, महिला सशक्तिकरण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, चारागाह विकास, प्राकृतिक खेती और जल संसाधन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में अपने प्रयासों को और व्यापक रूप से आगे बढ़ाने का है।
राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करना न केवल भीलवाड़ा के लिए गर्व का विषय है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में यह एक प्रेरणादायी संदेश भी है। संस्था ने विश्वास जताया है कि सेवा और समाज उत्थान की यह यात्रा भविष्य में और अधिक गति के साथ जारी रहेगी।
