लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
500 सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनेंगे जिले का सुरक्षा कवच
संवाददाता: आदर्श भार्गव
बारां। बारां जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय स्थित खेल संकुल में सिविल डिफेंस वॉलंटियर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा।
इस भर्ती अभियान के अंतर्गत 666 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण, मेडिकल जांच एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। शारीरिक दक्षता परीक्षण के तहत 800 मीटर दौड़ आयोजित की गई।
विभिन्न श्रेणियों में होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया में ड्राइवर, तैराक सहित विभिन्न श्रेणियों में चयन किया जाएगा। कुल मिलाकर लगभग 500 सिविल डिफेंस वॉलंटियर चयनित किए जाएंगे, जिनमें से 350 वॉलंटियर को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आपदा की स्थिति में प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।
प्रशासन की मजबूत ताकत बनेंगे वॉलंटियर
यह पूरा अभियान जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि चयनित सिविल डिफेंस वॉलंटियर आपदा, अग्निकांड, बाढ़, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में प्रशासन की एक मजबूत सहायता शक्ति के रूप में कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहल जिले की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा संकट के समय आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी।