लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर में आनासागर झील में अवैध मत्स्याखेट की सूचना मिलने पर मत्स्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक नाव और जाल जब्त किए हैं। विभाग की निरीक्षण टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान यह कार्रवाई की।
सहायक निदेशक मत्स्य मदन सिंह ने बताया कि विभाग के निरीक्षण दल द्वारा नियमित निरीक्षण के दौरान आनासागर झील का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 77 रेस्टोरेंट के पीछे आनासागर के नाले के नीचे एक नाव और दो चप्पू कड़े सहित तथा तीन करंट फसला जाल लावारिस हालत में छिपे हुए मिले। इससे क्षेत्र में अवैध मत्स्याखेट गतिविधि होने का संदेह हुआ।
निरीक्षण दल ने पूरे चौपाटी क्षेत्र का मौका मुआयना किया, लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद टीम ने मौके से एक नाव, दो चप्पू कड़े सहित और तीन करंट फसला जाल को जब्त कर नियमानुसार मत्स्य कार्यालय अजमेर पहुंचाया।
मत्स्य विभाग के अनुसार अवैध मत्स्याखेट में शामिल नाव मालिक की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पहचान की पुष्टि होने पर संबंधित पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
विभाग ने बताया कि दोषी पाए जाने पर राजस्थान मत्स्य (संशोधन) विधेयक‑2025 के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसमें 50 हजार रुपये तक का जुर्माना और 6 महीने तक की जेल का प्रावधान है।


















































