लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बजट सुझावों में व्यापक जनभागीदारी, अब तक 25 हजार से अधिक सुझाव प्राप्त
जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वर्ष 2026-27 का आगामी राज्य बजट ‘आपणो अग्रणी विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। बजट को समावेशी, सर्वस्पर्शी और जनाकांक्षाओं के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जिसके तहत अब तक लगभग 25 हजार सुझाव प्राप्त हो चुके हैं।
आम नागरिकों के साथ-साथ युवा, महिलाएं, किसान, उद्यमी, श्रमिक और गैर-सरकारी संगठन बजट निर्माण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से अपने सुझाव दे रहे हैं। यह पहल सरकार की सहभागी शासन की सोच को दर्शाती है।
वित्त विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://finance.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध ‘बजट सुझाव’ लिंक के माध्यम से सभी हितधारक आगामी 10 जनवरी तक अपने सुझाव ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के पिछले दो बजट भी राजस्थान के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। प्रदेशवासियों से प्राप्त सुझावों को सम्मिलित करते हुए सरकार ने बजट के माध्यम से विकास की नई परिभाषा गढ़ी है, जिसे आगामी बजट में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।















































