लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
साहस और संकल्प के साथ भारतीय सेना ने हर चुनौती का सामना किया
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी में 78वें आर्मी डे परेड-2026 के संयुक्त कर्टन रेजर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आर्मी डे भारतीय सेना के अप्रतिम शौर्य, कठोर अनुशासन और अटूट राष्ट्रभक्ति को नमन करने का दिन है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परेड में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टर्स की फ्लाई-पास्ट, ड्रोन तकनीक और आधुनिक युद्ध क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। 8 से 12 जनवरी तक ‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी में आम नागरिक सेना की आधुनिक हथियार प्रणालियों और रक्षा तकनीक से रूबरू होंगे।
शौर्य संध्या और सम्मान समारोह
15 जनवरी को एसएमएस स्टेडियम में ‘शौर्य संध्या 2026’ के दौरान ऑपरेशन सिंदूर का भव्य लाइट एंड साउंड शो और 1000 ड्रोन्स का विशेष प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री ने कीर्ति चक्र, सेना मेडल से सम्मानित वीरांगनाओं और सेवानिवृत्त सैनिकों को भी सम्मानित किया।
राजस्थान की धरती में वीरता का गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने 1947-48 से लेकर हाल के अभियानों तक हर चुनौती का साहस और संकल्प के साथ सामना किया है। सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने भी सेना की बहादुरी और सीमा सुरक्षा में योगदान को सराहा।
कार्यक्रम में सेना दिवस परेड 2026 से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक, शहीदों की वीरांगनाएं और एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।