लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। सरना डूंगर रीको एरिया स्थित कदम्ब डूंगरी में रविवार को 42वां लक्खी पौषबड़ा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित हुआ। दोपहर 12 बजे से देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर महाप्रसादी ग्रहण की।
पावन मंगल सेवा संस्थान की ओर से आयोजित इस महोत्सव में महंत सीताराम दासजी एवं संस्कार दासजी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर 2100 साधु-संतों एवं कन्याओं को भोजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने खुले आसमान के नीचे बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में लगभग 500 स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। प्रसादी की तैयारी के लिए डेढ़ सौ हलवाईयों ने 35 भट्टियों पर एक दिन पूर्व रातभर मेहनत की। कदम्ब डूंगरी की सोनिया दासी दीदी ने बताया कि प्रसादी निर्माण में 40 क्विंटल आटा, 30 क्विंटल सूजी, 80 पीपे देशी घी, 140 पीपे तेल, 25 क्विंटल चोला-मूंग की दाल तथा करीब 25 टन सब्जियों सहित अन्य सामग्री का उपयोग किया गया।
महोत्सव में जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए। साथ ही अयोध्या, काशी, प्रयागराज, मथुरा, हरिद्वार, दिल्ली, मुंबई सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों से संत-महंतों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।










































