लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेशभर में होंगे भव्य आयोजन
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि आगामी महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती और डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को जिला एवं संभाग स्तर पर भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसको लेकर उन्होंने अनुसूचित जाति/जनजाति के प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की।
यह बैठक जयपुर स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित हुई, जिसमें आयोजन को अधिक व्यापक और प्रभावी बनाने को लेकर सुझाव भी लिए गए।

चार दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा
मंत्री ने बताया कि 11 से 14 अप्रैल तक प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—
11 अप्रैल
महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालयों पर कलेक्टरों द्वारा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
12 अप्रैल
डॉ. अंबेडकर के जीवन परिचय एवं संविधान जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे।
“संविधान को जानें” विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी शुरू की जाएगी, जो 14 अप्रैल तक चलेगी।
13 अप्रैल
छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन होगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
14 अप्रैल
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती का राज्य स्तरीय कार्यक्रम जयपुर स्थित श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय सहित सभी जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होगा। इस अवसर पर संविधान प्रस्तावना वाचन, संविधान शपथ एवं अन्य कार्यक्रम होंगे।
इसके साथ ही राज्य एवं जिला स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

उद्देश्य
मंत्री ने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को संविधान की महत्ता और डॉ. अंबेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से अवगत कराना है।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा आयुक्त डॉ. ओमप्रकाश बैरवा, अतिरिक्त निदेशक जेपी बैरवा, सूंडाराम मीणा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।



















































