लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) राजस्थान के नागौर जिले के हरसौर क्षेत्र में 10 टन अवैध विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुलेमान खान के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में उसके फार्महाउस की चारदीवारी सहित अन्य अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।
25 बीघा सरकारी गोचर भूमि पर था कब्जा
जांच में सामने आया कि सुलेमान खान ने करीब 45 बीघा जमीन में फार्महाउस बना रखा था, जिसमें से लगभग 25 बीघा सरकारी गोचर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। इस जमीन के चारों ओर चारदीवारी खड़ी कर रखी थी।
प्रशासन की टीम ने सबसे पहले फार्महाउस की बाहरी दीवार को तोड़ा और इसके बाद अंदर बने अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया। तीन जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त किया गया।
मकान सीज, बिजली कनेक्शन भी काटा
कार्रवाई के दौरान खेत में बने मकान को भी सीज कर दिया गया और पुलिस ने मकान का बिजली कनेक्शन काट दिया।
राजस्व विभाग की जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराते हुए पूरे क्षेत्र को खाली कराया।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
-
आधा दर्जन थानों की पुलिस
-
क्यूआरटी (Quick Response Team)
-
आरएसी (Rajasthan Armed Constabulary) की टुकड़ियां
भी मौके पर मौजूद रहीं, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
24 जनवरी को बरामद हुआ था 10 टन विस्फोटक
गौरतलब है कि 24 जनवरी को नागौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुलेमान खान के कब्जे से करीब 10 टन अवैध विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया था।
इस मामले में पुलिस ने सुलेमान खान सहित उसके चार सप्लायर्स को गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसकी जांच National Investigation Agency (NIA) को सौंप दी गई है।


















































