लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद, ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित राजसखी मेला का शुभारंभ जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने किया। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद कुमार जाखड़ और अति. मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत भी उपस्थित रहे।
मेला 28 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक चलेगा। जिला परियोजना प्रबंधक एवं एसीईओ रणजीत ने बताया कि मेले में राजीविका स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें शामिल हैं—परिधान, जुट आइटम, फिनाइल साबुन, अगरबत्ती, हैंड वॉश, किचन मसाले, अचार, घरेलू सजावटी सामान, कपड़े के बैग, कशीदाकारी आइटम, मोचड़ी गोरबंद, महिला श्रंगार सामग्री, कठपुतली, बाजरे के बिस्कुट और नमकीन।
साथ ही मेले में स्वादिष्ट व्यंजन जैसे चाट, पकौड़ी, कचोरी, समोसा, भेलपुरी और पानीपुरी भी उपस्थित लोगों के लिए उपलब्ध हैं।
जिला कलेक्टर ने मेले के 61 स्टॉलों का निरीक्षण किया और सभी समूहों की महिलाओं को उनके प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया। मेले में नागौर के अलावा हनुमानगढ़, गंगानगर और अन्य जिलों की सखियों ने भी स्टॉल लगाकर हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए।