देवस्थान के पास नालियों की सफाई नहीं, सड़कों पर भरा गंदा पानी

0
164
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

चित्तौड़गढ़, गुरला (सत्यनारायण सेन)। नवरात्र जैसे पावन पर्व पर जहां स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा की उम्मीद रहती है, वहीं चित्तौड़गढ़ जिले की ग्राम पंचायत राशमी में स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है। कस्बे के वार्ड 11 उपरेड़ा मार्ग पर नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी और कीचड़ भरा पड़ा है। इसी मार्ग पर ताकाजी बावजी का देवस्थान होने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को दिक्कत

वार्ड निवासी कैलाश माली ने बताया कि नियमित सफाई नहीं होने से नालियों में मच्छरों का डेरा है। इससे लोगों में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ रहा है। कीचड़ और पानी भराव के कारण कई बार बच्चे और श्रद्धालु फिसलकर गिर जाते हैं। नवरात्र में मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को खास तौर पर इस गंदगी से गुजरना पड़ रहा है।

सरकार के दावों पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन पर करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन जमीन पर कोई असर दिखाई नहीं देता। चाहे भाजपा सरकार हो या कांग्रेस, दोनों ने स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई की अनदेखी की जा रही है।

नालियों का अभाव, सड़क पर गंदगी

गांव में नालियों का अभाव होने से गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है। देवस्थान परिसर के पास तो स्थिति और भी बदतर है। गंदगी और पानी भराव से श्रद्धालुओं के साथ-साथ ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों और वार्ड वासियों ने मांग की है कि नवरात्र प्रारंभ होने से पहले ही देवस्थान परिसर और आसपास की तत्काल सफाई करवाई जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो लोग बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here