लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
‘मेरी माटी मेरा पौधा’ अभियान
गंगधार (झालावाड़)। हाल ही में हो रही वर्षा का सदुपयोग करते हुए सेवानिवृत्त पर्यावरणविद् दशरथ नंदन पांडे के निर्देशन में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार में “मेरी माटी मेरा पौधा” थीम पर एक विशेष हरित अभियान चलाया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य लालचंद सोनी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय की प्रत्येक छात्रा से मिट्टी मंगवाई गई, जिसे गमलों में पौधे लगाने के लिए उपयोग किया गया। प्रत्येक छात्रा द्वारा लाई गई मिट्टी के साथ उसके भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई, ताकि वे अपने लगाए गए पौधे की देखभाल और संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी महसूस करें।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याता जयपाल सिंह, प्रकाश चंद और कपिल कुमार का विशेष योगदान रहा।
“मेरी माटी मेरा पौधा” थीम का मुख्य उद्देश्य है — जिन विद्यालयों में खुला मैदान या पर्याप्त परिसर नहीं है, वहां भी हरियाली का वातावरण निर्मित करना। इस पहल से शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण शुद्धता, स्वच्छता और सौंदर्य को बढ़ावा मिलेगा, जिससे विद्यालय का वातावरण और अधिक सुखद एवं प्रेरणादायक बनेगा।











































