लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
रात में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, जवाहर नगर में बढ़ रही चोरियां
भरतपुर। शहर के जवाहर नगर कॉलोनी में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एक कार के चारों पहियों की चोरी का सामने आया है। चोरों ने बीती रात एक मकान के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाते हुए उसके चारों पहिए चोरी कर लिए।
जानकारी के मुताबिक, जवाहर नगर निवासी ओमवती ने बताया कि उनके बेटे जगदीप सिंह की स्विफ्ट कार घर के बाहर खड़ी थी। जगदीप इन दिनों जयपुर गया हुआ है। सुबह 6 बजे जब ओमवती बाहर आईं तो देखा कि कार के चारों पहिए गायब हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं देखी।
ओमवती के छोटे बेटे हेम सिंह ने बताया कि कार जनवरी महीने में खरीदी गई थी। उन्होंने बताया कि जवाहर नगर में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जबकि उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर मुख्यमंत्री का मकान है। इसके बावजूद गश्त व्यवस्था लचर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मथुरा गेट थाने में शिकायत दी गई। थाना अधिकारी मदनलाल मीणा ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














































