लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
-पीसांगन,अजमेर- संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन के लामाना में बड़ा सड़क हादसा,धार्मिक यात्रा पर निकले 4 युवकों की मौत,1घायल।
अजमेर जिले के पीसांगन उपखंड क्षेत्र में बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीसांगन उपखंड क्षेत्र के मांगलियावास थाना अंतर्गत लामाना कट, राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर वेगनार कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 4 युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 1 गंभीर रूप से घायल हो गया।
सभी मृतक चौसला गांव के
घायल व मृतकों की पहचान डीडवाना जिले के नावा थानांतर्गत चौसला गांव निवासी सूरज जाट, बजरंग कुलहरी, प्रेमचंद प्रजापत व कमलेश यादव के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक विमलेश जांगिड़ का जवाहरलाल नेहरु अस्पताल अजमेर में उपचार चल रहा है। पांचो युवक सांवरिया सेठ व जोधपुर दर्शन को निकले थे। सूचना पर मांगलियावास थाने से एएसआई हुकुमसिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। मृतको के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अजमेर मोर्चरी भिजवाया, वही घायल युवक को इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल अजमेर में भर्ती कराया। चौसला सरपंच प्रतिनिधि अशोक शर्मा के मुताबिक कार को चपेट में लेने वाले लापरवाह वाहन चालक के विरुद्ध पुलिस को शिकायत दी जा रही हैं और कार्रवाई की मांग की गई है। हादसे से चौसला गांव में शोक की लहर है।









































