लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर से रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2025 के अंतर्गत लगाए गए केंद्रीय पंडाल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के सभी 41 जिलों के पंच गौरव को प्रदर्शित करने वाले राज्य स्तरीय पवेलियन का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों द्वारा लगाए गए पवेलियनों में प्रदर्शित स्थानीय उद्योगों, हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उत्सव राज्य के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्सव के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन मिले तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने पश्चिमी राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा की सराहना करते हुए इसे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार बताया।
अवलोकन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।











































