लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र के पलाई कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत नर्सिंग कर्मी पूजा मेहरा एक साइबर ठगी का शिकार हो गईं। अज्ञात साइबर ठगों ने सरकारी कर्मचारी बनकर नर्सिंग कर्मी से 27 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़िता ने इस बाबत उनियारा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
टोंक कलेक्टर कार्यालय का कर्मचारी बताकर किया विश्वास
रिपोर्ट के अनुसार, एक साइबर ठग ने स्वयं को टोंक कलेक्टर कार्यालय में राजकीय कर्मचारी बताते हुए नर्सिंग कर्मी को फोन किया। ठग ने बताया कि पलाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शौचालय मरम्मत के लिए राज्य सरकार से 25 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई है।
राशि प्राप्त करने का झांसा देकर ठग ने पीड़िता से PhonePe नंबर ले लिया और 25 हजार रुपये का फर्जी मैसेज भेजकर उसे विश्वास में ले लिया।
इसके बाद कंफर्मेशन के बहाने पीड़िता से 25 हजार रुपये और 2 हजार रुपये ऑनलाइन डलवा लिए। लेन-देन पूरा होने के बाद ही पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।
खाते से 27 हजार रुपये साफ, होश उड़ गए
खाते से कुल 27,000 रुपये कटते ही नर्सिंग कर्मी पूजा मेहरा के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत ही पुलिस थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पीड़िता पूजा मेहरा पत्नी राजाराम कहार, निवासी देई (हाल निवासी उनियारा) ने थाना अधिकारी से मांग की है कि साइबर ठग को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए और ठगी गई राशि वापस दिलाई जाए।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











































