लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कांग्रेस द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर फैलाए जा रहे भ्रम और विरोध पर तीखी प्रतिक्रिया दी। परनामी ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावों में हार रही है और पहले ईवीएम, अब एसआईआर पर राग अलापना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि कांग्रेस का भय फर्जी वोटरों के नाम कटने को लेकर है, जबकि एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची को शुद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए है।
परनामी ने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस का जयपुर में आंदोलन महज कुछ मिनटों में खत्म हो गया, जो यह दर्शाता है कि जनता अब कांग्रेस के साथ नहीं, मोदी के साथ है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची और अधिक विश्वसनीय बने और लोकतंत्र मजबूत हो।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार की तुलना करते हुए कहा कि अशोक गहलोत के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाएं हुईं, जबकि भजनलाल शर्मा सरकार ने दो वर्षों में निवेश और विकास कार्यों में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू और 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश को इसका उदाहरण बताया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची भी मौजूद रहे।











































