लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्री मसानिया काल भैरव मंदिर में महाआरती के साथ दो दिवसीय जन्मोत्सव संपन्न
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) — पंचमुखी मोक्षधाम स्थित श्री मसानिया काल भैरव मंदिर में दो दिवसीय काल भैरव अष्टमी (जन्मोत्सव) का भव्य धार्मिक आयोजन बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
मंदिर परिसर में “जय काल भैरव” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। छप्पन भोग, महाआरती और चिता भस्म आरती इस आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे।
भजन संध्या और आतिशबाजी से हुआ शुभारंभ
आयोजन समिति के अध्यक्ष रविकुमार खटीक ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भजन संध्या से हुई, जिसमें भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर रातभर भजनों का आनंद लिया। इसके बाद महाभिषेक और शानदार आतिशबाजी के साथ माहौल भक्तिमय हो गया।
यज्ञ, ध्वज स्थापना और छप्पन भोग प्रसाद वितरण
दूसरे दिन की शुरुआत पंडित अशोक व्यास व मंडली द्वारा काल भैरव यज्ञ और ध्वज स्थापना से हुई।
दोपहर में भक्तों के लिए छप्पन भोग प्रसाद का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
चिता भस्म आरती के साथ हुआ समापन
मंदिर समिति के अध्यक्ष रविकुमार सोलंकी ने बताया कि जन्मोत्सव का समापन सायंकाल चिता भस्म आरती के साथ हुआ, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
मंदिर पुजारी संतोष कुमार खटीक ने बताया कि यह आयोजन श्री मसानिया भैरवनाथ मंदिर, पंचमुखी मोक्षधाम, भीलवाड़ा में आयोजित किया गया।
भक्तों की उमड़ी भीड़, भक्ति और आस्था का संगम
श्री मसानिया भैरवनाथ मित्र मंडली एवं समस्त भक्तगण की अपील पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए और भैरवनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।










































