लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सुथड़ा जैन तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया भगवान संभवनाथ का जन्म कल्याणक
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक), लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
उपखंड क्षेत्र के श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में भगवान संभवनाथ जी का जन्म कल्याणक महोत्सव कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा पर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
प्रबंध कमेटी अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा और गजानंद बड़जात्या ने बताया कि भगवान संभवनाथ जी जैन धर्म के तृतीय तीर्थंकर थे। उन्होंने सम्मेद शिखरजी में अपने समस्त घनघाती कर्मों का क्षय कर निर्वाण प्राप्त किया और सिद्ध कहलाए।
कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्री प्रिंस जैन देवांश के निर्देशन में मंगलाष्टक, नित्य अभिषेक और शांति धारा से हुई।
तीर्थरक्षक शांति धारा ज्ञानप्रकाश (कानपुर) द्वारा तथा वार्षिक शांति धारा रमेशचंद सर्राफ (जयपुर) द्वारा संपन्न कराई गई।
इसके बाद देव-शास्त्र पूजा, चौबीस तीर्थंकरों की मूलनायक पूजा और संभवनाथ भगवान की विशेष पूजा की गई।
शाम को भक्तामर संयोजक हरीश जैन (ककोड) एवं नरेंद्र जैन (बनेठा) के संयोजन में भक्तामर मंडल बनेठा द्वारा दीपार्चना का आयोजन किया गया।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का वातावरण बना रहा, श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रभु के जन्म कल्याणक का आनंद लिया।










































