लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
थाना अधिकारी दिनेश चौधरी के निर्देशन में धरपकड़ अभियान जारी
लोकेशन – पीसांगन (अजमेर)
स्थानीय संवाददाता – ओमप्रकाश चौधरी
मांगलियावास पुलिस ने थानाधिकारी दिनेश कुमार चौधरी के निर्देशन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत एचपी टैंकर से तेल चोरी करने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पेट्रोल पंप के लिए भेजे गए टैंकर से निकाला गया डीजल
यह कार्रवाई 3 अक्टूबर को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता सौरभ सिंह रावत, निवासी सेदरिया (आदर्श नगर थाना क्षेत्र, अजमेर) ने पुलिस को बताया कि उनके पेट्रोल पंप के लिए सराधना स्थित तेल डिपो से एक डीजल टैंकर बुक किया गया था।
शिकायतकर्ता और उनके कर्मचारी परमेश्वर सिंह रावत उस टैंकर के पीछे वाहन से आ रहे थे। रास्ते में चालक ने टैंकर को एक होटल पर रोका, जहां पहले से ही 7–8 लोग मौजूद थे। टैंकर चालक ने उन लोगों के साथ मिलकर टैंकर से डीजल निकालना शुरू कर दिया।
जब परमेश्वर सिंह ने वीडियो बनाना चाहा तो चालक ने शोर मचाया, जिसके बाद सभी ने शिकायतकर्ताओं के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
जांच में टैंकर चालक की मिलीभगत उजागर
थानाधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि प्राप्त रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई गोपाराम विश्नोई को सौंपी गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि टैंकर चालक की मिलीभगत से तेल चोरी की गई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है –
-
मनीराम विश्नोई निवासी कानावास (जोधपुर) – टैंकर चालक
-
राकेश उर्फ सोनूसिंह रावत निवासी अर्जुनपुरा गढ़ी
-
जितेंद्र उर्फ जीतू नाई निवासी शेरगढ़ (जोधपुर)
-
रमेश सिंह उर्फ राजवीर सिंह रावत निवासी श्रीनगर, रास
-
जयदीप सिंह उर्फ मुकेशसिंह रावत निवासी अर्जुनपुरा जागीर
वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में –
थानाधिकारी दिनेश कुमार चौधरी, एएसआई गोपाराम विश्नोई, कांस्टेबल संजय डांगा, प्रमोद कुमार, हेमराज ठोलिया, विजेंद्र कुमार, सुरेश कुमार और अजीत कुमार शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन, संपत्ति संबंधी अपराधों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।










































