लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की झांकियां और आतिशबाजी ने खींचा जनसैलाब
पादूकलां।
कस्बे और आसपास के गांवों में गुरुवार को विजयदशमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, भगवान शंकर-पार्वती और अन्य देवी-देवताओं की सजीव झांकियां शामिल थीं।
शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेला मैदान पहुंची, जहां रावण दहन का ऐतिहासिक आयोजन हुआ। जैसे ही भगवान श्रीराम ने बाण से रावण का वध किया, आतिशबाजी और रंग-बिरंगी रोशनियों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
धार्मिक महत्व और परंपरा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्र के अंतिम दिन भगवान श्रीराम ने देवी चंडी की पूजा कर विजय का आशीर्वाद प्राप्त किया था। इसके अगले दिन दशहरे पर उन्होंने रावण का वध कर असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया।
भारी संख्या में उमड़ा जनसैलाब
रावण दहन देखने के लिए लगभग 25 गांवों से ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ा। हनुमानजी की सजीव झांकी में लंका दहन का दृश्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
रावण दहन स्थल और कस्बे के प्रमुख मार्गों पर पुलिस का जाब्ता तैनात रहा। पुलिस जवानों ने शांति व्यवस्था और सुरक्षा की निगरानी की। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इसी तरह आसपास के अरनियाला, सथानाकलां, लांपोलाई और बिखरनियाकलां गांवों में भी रावण दहन का आयोजन धूमधाम से किया गया।


















































