लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
संवाददाता – समदड़ी
समदड़ी क्षेत्र के कल्याणपुर रोड स्थित छोटे रुणिचा धाम में भाद्र पक्ष शुक्ल की बीज पर बाबा रामदेव जी का भव्य मेला आयोजित हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और आस्था के साथ बाबा के दरबार में हाज़िरी लगाई।
मंदिर के उपासक एवं पूर्व राज्य मंत्री गोपाराम मेघवाल ने हर साल की तरह इस बार भी अपने जत्थे के साथ बाबा की ध्वजा लेकर यात्रा की शुरुआत की। वे अपने निवास स्थान से डीजे की धुन पर बाबा के भजनों का गुणगान करते हुए पैदल यात्रा कर कल्याणपुर रोड छोटे रुणिचा धाम पहुंचे।
मंदिर परिसर पहुँचने पर गोपाराम मेघवाल ने सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ ढोल-थाली की थाप पर दंडवत प्रणाम कर बाबा के दर्शन किए। उन्होंने विधिविधान से बाबा की महाआरती कर प्रसाद का भोग लगाया, नारियल की झोत चढ़ाई और क्षेत्र में अच्छी वर्षा व खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री गोपाराम मेघवाल ने कहा –
“मेरी कोई हैसियत नहीं है, यह सब बाबा की कृपा है। जैसी बाबा की आज्ञा होती है, वैसा ही पालन किया जाता है। बाबा का आशीर्वाद समदड़ी क्षेत्र और आसपास के कस्बों के श्रद्धालुओं पर सदैव बना रहता है।”
उन्होंने आगे बताया कि इस मंदिर में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता और यह मंदिर 24 घंटे सभी श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है। खासकर भाद्रपद माह में पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, चाय-पानी और सेवाओं की उत्तम व्यवस्था की जाती है।
भाद्रपद शुक्ल बीज को बाबा रामदेव जी का जन्मोत्सव भी माना जाता है। जो लोग रामदेवरा नहीं पहुंच पाते, वे छोटे रुणिचा धाम आकर बाबा को दंडवत प्रणाम कर परिक्रमा करते हैं और अपने परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।














































