नया कानून डर पैदा करने वाला, सरकार को डुबो देगा”- अशोक गहलोत

0
276
- Advertisement -

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जबानी हमला  – “

जयपुर में पत्रकारों से बोले पूर्व मुख्यमंत्री, कहा – जनता सब समझती है, सरकारें आंधी में बदल जाती हैं।

लोक  टुडे न्यूज नेटवर्क

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। जयपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अचानक नए कानून की क्या जरूरत पड़ गई? यह कानून देश में भय पैदा करेगा और लोकतंत्र को कमजोर करेगा।

गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है, बिहार में लोग सड़कों पर उतर आए हैं, और इसी दौरान अमित शाह नया कानून लेकर आ गए। “क्या देश में ऐसी स्थिति बन गई थी कि नेताओं को जेल भेजकर पद से हटाने का कानून लाना जरूरी था? जयललिता, लालू यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री तक इस्तीफा दे चुके थे, सिर्फ केजरीवाल ने नहीं दिया तो क्या इसके लिए पूरा कानून बदल दिया जाएगा?” – गहलोत ने सवाल उठाया।

ईडी ,सीबीआई और इनकम टैक्स पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप

उन्होंने ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों पर भी सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। “आज हालत यह है कि किसी को भी फंसाकर जेल भेज सकते हैं और जमानत न मिलने पर पद से हटा सकते हैं। यह नकारात्मक सोच बीजेपी और सरकार को ले डूबेगी।”

मणिपुर पर भी साधा निशाना

गहलोत ने कहा कि गृह मंत्री की जिम्मेदारी होती है प्रधानमंत्री को समझाने की कि उन्हें मणिपुर जाना चाहिए, लेकिन दो साल से वहां आग लगी हुई है और प्रधानमंत्री नहीं गए। “महिलाओं के साथ शर्मनाक घटनाएं हुईं, मुख्यमंत्री खुद मान चुके कि हालात काबू से बाहर हैं, पर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।”

सरदार पटेल से तुलना

पूर्व मुख्यमंत्री ने अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा – “आप सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मारक तो बना लेते हैं, पर क्या उनकी सोच और व्यवहार से प्रेरणा लेते हैं? गृह मंत्री का पद बहुत सम्मानित होता है, लेकिन आज देश में आंतरिक सुरक्षा की हालत सबके सामने है।”

अंत में गहलोत ने कहा कि जनता सब समझती है और इतिहास गवाह है कि जब-जब जनता नाराज़ हुई है, सत्ता बदलते देर नहीं लगी। “इंदिरा गांधी जैसी ताक़तवर नेता भी आपातकाल के बाद हार गई थीं।”

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here