लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कामां से खबर
संवाददाता हरिओम मीणा
सफाई व्यवस्था छोड़ कर बैठे हड़ताल पर।
कामां। नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों ने तीन महीने से लंबित वेतन के मुद्दे पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय के सामने नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनका बकाया वेतन उनके खातों में नहीं आएगा, तब तक कोई भी सफाई कार्य नहीं करेगा।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि ठेकेदार वेतन खाते में जमा करने के बाद कर्मचारियों को हटाने की धमकी देकर प्रति कर्मचारी एक हजार रुपये की उगाही कर रहे हैं। कर्मचारियों ने इस उत्पीड़न और अनियमितता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।सूत्रों के अनुसार, कामा नगर पालिका पहले भी भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में रही है।
ठेकेदारों और नगर पालिका अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप पूर्व में भी लग चुके हैं, जिसने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। कर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और बकाया वेतन के भुगतान की मांग की है, अन्यथा आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।नगर पालिका प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस विरोध प्रदर्शन से शहर में सफाई व्यवस्था पर असर पड़ सकता है, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।










































