सरकार ने जारी की 1936 जर्जर स्कूलों की सूची, किशनगढ़- रेनवाल , ब्यावर की स्कूलों के नाम नहीं?

0
546
- Advertisement -

राज्य के स्कूलों में मरम्मत को करीब 169.52 करोड़ 94 हजार रु राशि स्वीकृत

— 1936 स्कूलों की लिस्ट जारी की
— ब्यावर जिले में एक भी नहीं और किशनगढ़ रेनवाल ब्लॉक में भी किसी स्कूल की मरम्मत नहीं होगी

नवीन कुमावत- ब्यूरोचीफ
जयपुर/किशनगढ़ रेनवाल। प्रदेश में झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में सरकारी स्कूल की छत गिरने से हुए हादसे में सात बच्चों की जान जाने और जैसलमेर में स्कूल का द्वार गिरने से दबे एक बच्चे की मौत के बाद अब जाकर शिक्षा विभाग की कार्यशैली में थोड़ी तेजी आती नजर आ रही है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने 40 जिलों में 27 जुलाई की तारीख में राज्य की ऐसी 1936 स्कूलों की लिस्ट जारी कर दी है, जिनमें वित्त विभाग की ओर से बजट प्रावधानों के तहत 169 करोड़ 52 लाख 94 हजार रूपए राशि की स्वीकृति जारी की गई है।

अनुपमा जोरवाल ने जारी की जर्जर स्कूलों की सूची, कई स्कूलों के नाम छूटे
स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर समग्र शिक्षा एंड कमिश्नर स्कूल शिक्षा की अनुपमा जोरवाल के हस्ताक्षर से जारी इस लिस्ट में राज्य के 40 जिले जयपुर, अजमेर, अलवर, बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, डीग, धौलपुर, डीडवाना कुचामन, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनू, जोधपुर, करौली, खैरथल तिजारा, कोटा, कोटपुतली बहरोड़, नागौर, पाली, फलोदी, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर शामिल हैं। इनमें ब्यावर जिला छूटा है।

किशनगढ़ – रेनवाल की कई स्कूलों के नाम नहीं होने से नाराजगी

वहीं जयपुर जिले के किशनगढ़ रेनवाल ब्लॉक एवं किशनगढ़ रेनवाल में भी कई सरकारी स्कूलों की जर्जर अवस्था बताई जा रही है। जिसमें मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय सीनियर सेकेंडरी संस्कृत विद्यालय बाग की ढाणी, राजकीय माध्यमिक विद्यालय गढ़वाली सहित कई स्कूल शामिल हैं। जिनके बारे में पूर्व में भी सूचनाएं दी गई हैं। हालांकि झालावाड़ हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ( एसडीएम एवं सीबीईओ) ने स्कूलों के दौरे किए हैं, जल्द ही वे ऐसी स्कूलों की नई सूची तैयार कर देंगे।

अधिकारी का कहना है :
ब्लॉक में टीमें बनाकर सरकारी स्कूलों का सर्वे किया जा रहा है। किशनगढ़ रेनवाल और रलावता क्षेत्र में एसडीएम साब कार्य देख रहे हैं। मैने अब तक 24 स्कूलों को देखा है। सुंदरपुरा की सरकारी स्कूल को एक मंदिर परिसर में और भैंसलाना की एक स्कूल के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र में शिफ्ट किया है। जल्द सूची तैयार हो जाएगी।
— जगदीश प्रसाद मीणा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, किशनगढ़ रेनवाल

जिम्मेदार का कहना है :
रेनवाल और रलावता क्षेत्र में मैं सरकारी स्कूलों का सर्वे कर रहा हूं। यहां 20 सरकारी स्कूल हैं। रेनवाल में राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय सीनियर सेकेंडरी संस्कृत विद्यालय, बाग की ढाणी में और मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी राजकीय उच्च माध्यमिक बाग का चौराहा में जर्जर कक्षों को बंद करवाया गया है। अंतिम सूची कल (बुधवार) तक तैयार हो जाएगी।
— सर्वेश शर्मा, उपखंड अधिकारी, किशनगढ़ रेनवाल

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here