लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
करौली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पांचना बांध में जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बांध के चार गेट खोल दिए। इसके कारण गंभीर नदी में अचानक जलप्रवाह तेज हो गया है, जिससे बयाना क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बयाना क्षेत्र की कई पुलियाओं पर पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे कलसाड़ा, रीझवास, मौरोली, खिरकवास, धुरेरी, मावली और चहल गांवों का एक-दूसरे से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने उठाए सख्त कदम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बयाना सदर थाना पुलिस ने गंभीर नदी के बहाव क्षेत्र के संवेदनशील हिस्सों की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया है। नदी किनारे के मुख्य मार्गों पर कंटीली झाड़ियां लगाकर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
हरिराम कुमावत ,एडिशनल एसपी बयाना ने आमजन से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, पुलों और नदी के बहाव क्षेत्र से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस या नजदीकी अधिकारी को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
पिछले साल की घटना को ध्यान में रखकर कड़ी निगरानी
गौरतलब है कि पिछले साल इसी तरह की बारिश के दौरान गंभीर नदी के तेज बहाव में 18 लोगों की डूबकर मौत हो गई थी। इस बार प्रशासन पहले से अलर्ट है और निगरानी के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे।
नदी किनारे रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने नदी के पास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति में नदी के करीब न जाने की सख्त हिदायत दी है। बचाव दल और आपदा प्रबंधन टीमें भी तैयार रखी गई हैं।
वाइट हरिराम कुमावत ,एडिशनल एसपी बयाना










































