अवैध बजरी की 5 हजार ट्रॉली स्टॉक नष्ट, दो दर्जन जेसीबी व 50 से अधिक पुलिस वाहन तैनात

0
183
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

मुनेश धाकरे की रिपोर्ट

धौलपुर: पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अवैध बजरी पर सबसे बड़ी कार्रवाई,

धौलपुर।  जिले में खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार सुबह धौलपुर पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ापुरा गांव में पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में अवैध बजरी भंडारण के खिलाफ जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान करीब 5 हजार ट्रॉली का अवैध बजरी का स्टॉक नष्ट किया गया।

बड़ापुरा गांव और उसके आस-पास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल

कार्र्वाई सुबह तड़के ही प्रारंभ की गई। बड़ापुरा गांव और उसके आस-पास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। करीब दो दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनें, 50 से ज्यादा पुलिस वाहन और जिले के सभी थानों के थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहे। खुद पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने कार्रवाई की कमान संभाली और पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी की।

बजरी का अवैध भंडारण पकड़ा
सब-इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई मोरोली गांव के नजदीक बड़ापुरा इलाके में की गई, जहां खनन माफियाओं द्वारा भारी मात्रा में बजरी का अवैध भंडारण किया गया था। स्थानीय स्तर पर कई दिनों से अवैध खनन और बजरी डंपिंग की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह रणनीतिक कार्यवाही की गई।
पुलिस के अनुसार, मौके पर जमा की गई बजरी को भारी मशीनों की मदद से तत्काल नष्ट कर दिया गया ताकि इसका उपयोग या अवैध बिक्री न हो सके। मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ खनन विभाग और प्रशासन की टीमें भी मौजूद रहीं।

प्रशासन का सख्त संदेश

इस कार्रवाई को प्रशासन द्वारा अवैध खनन पर रोक लगाने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने कहा कि, राज्य सरकार के निर्देशानुसार अवैध खनन और बजरी माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे स्टॉक की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

 

ग्रामीणों में मचा हड़कंप

कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अवैध बजरी कारोबार में लिप्त लोगों में डर का माहौल है, जबकि आमजन और पर्यावरण प्रेमी प्रशासन के इस सख्त रुख से संतुष्ट नजर आए।

अगली कार्रवाई की तैयारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के अन्य इलाकों में भी इस तरह के स्टॉक की जानकारी जुटाई जा रही है और अगले कुछ दिनों में अन्य जगहों पर भी इसी तरह की कार्यवाहियाँ संभावित हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here