लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक अभिमन्यु पूनिया एवं राजस्थान विश्वविधालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी को शनिवार को राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर से ही परीक्षा देते समय गिरफ्तार कर लिया। दोनों कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने कोई पुराने मामले में राजकार्य में बाधा डालने सहित कई मुकदमों में वांछित बताते हुए गिरफ्तार किया है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दोनों नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इन्हे तुरंत रिहा करने की मांग की है। गहलोत ने कहा की दोनों नेताओं को परीक्षा देते समय हिरासत में लेना अन्यायपूर्ण व लोकतंत्र का उल्लंघन है।
डॉ राकेश विश्नोई के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करना गलत नहीं
भाजपा सरकार ने पहले डॉ राकेश विश्नोई के परिजनों की बात तक नहीं सुनी और जब इन जनप्रतिनिधियों ने उनके साथ न्याय के लिए धरना-प्रदर्शन किया तो इन पर ही मुकदमा दर्ज कर लिया। कांग्रेस के नेताओं ने आम आदमी की लड़ाई लड़ी है और भविष्य में भी लड़ते रहेंगे। इसलिए जनप्रतिनिधियों को गिरफ्तार करना जनता की आवाज को दबाना है। ऐसे तो फिर कोई भी किसी के लिए आवाज ही नहीं उठा सकेगा। जनप्रतिनिधियों को जनहित में आवाज उठाने का अधिकार है। राज्य सरकार अविलंब इन्हें रिहा करे।










































