लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कामां (हरिओम मीणा)। थाना इलाके के कनवाड़ी गांव में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक साहिल (18) के पिता शाहिदा निवासी पालड़ी का आरोप है कि चोरी के शक में ग्रामीणों ने उसके बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गांव की एक दुकान से चोरी कर दुकान की छत से भागते समय युवक का पैर स्लीप हो गया, और जमीन पर गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने सोमवार की सुबह करीब 11 बजे थाने में रिपोर्ट दी। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक कोसी चौराहे पर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस की समझाइश के बाद रास्ता सुचारु हो सका।

एफआईआर रिपोर्ट में मृतक के पिता ने बताया कि 23 फरवरी की रात करीब 10 बजे मेरा बेटा साहिल (18) पहाड़ी गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर कनवाड़ी गांव गया था। कनवाड़ी गांव में कोई सगाई का कार्यक्रम था। उसमें डीजे देखने के लिए साहिल गया था। वह देर रात को डीजे देखकर वापस अपने घर आ रहा था। उस समय कनवाड़ी गांव निवासी दानी, गिरधारी, लाखन, हरिशंकर, छोटू, दीपक, शिशुपाल, बंशी, भूपन, काली ने चोरी के शक के आधार पर मेरे बेटे को पकड़ लिया और बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

मामले में कनवाड़ी गांव के गिरधारी, लाखन, हरिशंकर समेत अन्य युवकों का कहना है कि साहिल गांव की एक दुकान में चोरी कर दुकान की छत से भाग रहा था। जिससे उसका पैर स्लीप हो गया और वह सीधा जमीन पर आ गिरा। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।















































