लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। (राजेंद्र शर्मा) महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज ने सदस्यों के साथ किया महिला थाना का आकस्मिक निरीक्षण। रेहाना रियाज ने महिला थाना का निरीक्षण कर सबसे खराब स्तर के थाने का दिया दर्जा। टीम ने अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती के नेतृत्व में महिला थाने का किया था औचक निरीक्षण। महिला थाने में लगे जालों, स्टाफ की गैरहाजिरी, टॉयलेट में गंदगी, वॉश रूम में पानी की व्यवस्था ना होने सहित कई अव्यवस्थाओं का देखा अम्बार। उन्होंने कहा कि इसे लेकर सरकार को शिकायत देगी।

बुधवार को राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज ने आयोग की सदस्यों सुमन यादव, सुमित्रा जैन, अंजना मेघवाल, बृज माधुरी शर्मा के साथ महिला थाने का औचक निरीक्षण किया। जहां व्याप्त अव्यवस्थाओं को देख उन्होंने कडी नाराजगी जताते हुए राज्य के सबसे खराब महिला थाने का दर्जा देते हुए कहा कि इतनी अव्यवस्थाएं कहीं नहीं देखी। महिला थाने के निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों को महिला थाने पर अधिकतर पुरूष स्टाफ ही कार्य करता मिला। उस पर भी पूरी क्षमता के अनुसार स्टाफ ड्यूटी पर नहीं था। जब महिला थाने के वॉश रूम का निरीक्षण किया तो वहां गंदगी मिली और वॉश बेसिन में पानी नहीं था। दीवारों पर जाले लगे देखे। महिला थाने के कमरों में पुलिस कर्मियों के कपडे टंगे देखे। महिला थाने की बिल्डिंग कई जगहों पर जर्जर दिखाई दी। जिसे लेकर उन्होंने कडी नाराजगी दिखाई।

जिसके बाद टीम ने महिला थाने में बने महिला सुरक्षा सलाह केन्द्र का निरीक्षण किया। जिसकी भी हालत खस्ता मिली। वहीं महिला सुरक्षा परामर्श केन्द्र में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखकर भी उन्होंने कडी नाराजगी जताते हुए कहा कि परामर्श केन्द्र में लगे सीसीटीवी कैमरे से महिलाओं को परेशानी हो सकती है। जिस पर एसएचओ ने गलती स्वीकारते हुए एक घंटे के अंदर कैमरे हटवाने की बात कही। महिला थाने की अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने कहा कि इसे लेकर सरकार को शिकायत देगी।














































