लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में 24 घंटे का आयोजन शुरू, आसपास के गांवों से पहुंचेंगी रामधुन मंडलियां
गौतम शर्मा, राजसमन्द
राजसमन्द। जिले के बागपुरा गांव स्थित चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में बुधवार को बारिश, सुख-शांति और अमन-चैन की कामना को लेकर ग्रामीणों की ओर से 24 घंटे की अखंड रामधुन शुरू की गई। रामधुन के आयोजन से मंदिर परिसर भक्तिमय एवं धर्ममय वातावरण में बदल गया।
ग्रामीणों कैलाश जाट, रतन सुथार और गोपी लाल जाट ने बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं। अच्छी बारिश और इंद्रदेव को प्रसन्न करने की कामना को लेकर ग्रामीणों ने अखंड रामधुन का आयोजन किया है।
पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई रामधुन
कार्यक्रम से पहले विद्वान पंडितों द्वारा भगवान चारभुजा नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ अखंड रामधुन का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ की धुन के साथ रामधुन में भाग लिया और क्षेत्र में अच्छी बारिश एवं सुख-शांति की कामना की।
गुरुवार सुबह होगी पूर्णाहुति
आयोजकों के अनुसार 24 घंटे की अखंड रामधुन की गुरुवार सुबह पूर्णाहुति होगी। इस अवसर पर विशेष शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश की कामना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि अच्छी बारिश हो और किसानों को राहत मिल सके।
रातभर रामधुन में शामिल होंगी मंडलियां
रात्रि में आसपास एवं दूर-दराज के करीब एक दर्जन गांवों से रामधुन मंडलियां बागपुरा पहुंचेंगी। मंडलियों के सदस्य रातभर चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में अखंड रामधुन में शामिल होकर भगवान का स्मरण करेंगे।
अखंड रामधुन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहेगी और पूरा वातावरण भक्ति एवं धार्मिक आस्था से सराबोर रहेगा।




















































