लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को दिए जा रहे नैतिक मूल्य
प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम्’, सर्वधर्म प्रार्थना और राष्ट्रगान से हो रहा व्यक्तित्व निर्माण
गंगधार (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से भी जोड़ा जा रहा है। विद्यालय में राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रतिदिन प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाता है, जिसमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाता है।
प्रधानाचार्य मनोहर दास बैरागी के मार्गदर्शन में प्रतिदिन विद्यालय की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के साथ होती है, जबकि दिन का समापन राष्ट्रगान के साथ किया जाता है। प्रार्थना सभा में सर्वधर्म प्रार्थना के साथ “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” मंत्र का सामूहिक वाचन भी कराया जाता है।
विद्यालय प्रशासन का मानना है कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब वह विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार भी प्रदान करे। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित होने वाली प्रार्थना सभा के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित की जा रही है।
प्रधानाचार्य मनोहर दास बैरागी ने बताया कि ऐसी पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सशक्त राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखती है।
प्रार्थना सभा के प्रभावी संचालन में प्रभुलाल मेहर, व्याख्याता ओम शर्मा, शारीरिक शिक्षक दिलीप सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ अध्यापक संतोष शर्मा सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहता है।
















































