लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मांडल देवा में सादगीपूर्ण विवाह बना मिसाल, वर पक्ष की पहल की क्षेत्रभर में सराहना
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम मांडल देवा में आयोजित एक विवाह समारोह ने दहेज प्रथा के खिलाफ सशक्त संदेश देकर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। शेखपुरा (भैरुन्द्रा) से आई बारात में वर पक्ष के हेमसिंह जी ने अपने पुत्र के विवाह में प्रचलित 5.51 लाख रुपये के टीके की परंपरा को अस्वीकार करते हुए मात्र एक रुपये का शगुन स्वीकार किया।
इस पहल ने समारोह को सामाजिक जागरूकता के मंच में परिवर्तित कर दिया। विवाह ग्राम मांडल देवा निवासी जोधसिंह की पोती एवं बुद्ध सिंह जी की पुत्री मोनिका कंवर का विधिवत संपन्न हुआ।
समारोह में उपस्थित ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों एवं रिश्तेदारों ने वर पक्ष के इस निर्णय की खुलकर सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि दहेज जैसी कुप्रथा समाज के लिए अभिशाप है और इसे समाप्त करने के लिए ऐसे साहसिक कदम अत्यंत आवश्यक हैं।
हेमसिंह जी की इस सकारात्मक सोच को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए लोगों ने इसे समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। विवाह समारोह सादगी, सौहार्द और सामाजिक संदेश के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही।


















































