लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भारतीय जनता युवा मोर्चा, राजस्थान द्वारा आयोजित “बजट युवा संवाद” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार समिति के सदस्य गौरव वल्लभ ने कहा कि राजस्थान की जीडीपी पिछले तीन वर्षों में 41.3 प्रतिशत बढ़कर 21 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि आज 30 से अधिक देश भारत की यूपीआई तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, जो भारत की डिजिटल क्षमता का प्रमाण है।
वल्लभ ने कहा कि मुद्रा योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को आर्थिक सशक्तिकरण मिला है और 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो “मोदी नॉमिक्स” की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने स्टेट टेस्टिंग एजेंसी के गठन को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगेगी।
उन्होंने 400 सीएम राइज स्कूलों के लिए 1000 करोड़ रुपए तथा विद्यालयों में एआई लैब्स की स्थापना हेतु 500 करोड़ रुपए के प्रावधान को शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया।
विशिष्ट अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि देश की 65 प्रतिशत आबादी युवा है, इसलिए बजट का फोकस युवाओं पर केंद्रित होना स्वाभाविक है। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित बजट को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने बताया कि राज्य में एक लाख से अधिक नौकरियां दी गई हैं और युवाओं को 10 लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने प्रश्न पूछे, जिनका अतिथियों ने उत्तर दिया। समापन पर अमित गोयल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिवाल ने किया। इस अवसर पर सुरेन्द्र सिंह पुरुवंशी एवं प्रदेश मंत्री रामकेश मीणा सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















































