लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा सरकार की सामूहिक विफलताओं पर पर्दा डालने वाला बजट: राठौड़
अजमेर से नितिन मेहरा।
अजमेर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने राजस्थान सरकार के पेश बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे निराशाजनक और असंवेदनशील बताया। राठौड़ ने कहा कि यह बजट केवल थोथी घोषणाओं का पिटारा है, जिसमें प्रदेश के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं दिखाई देता।
अजमेर की उपेक्षा
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान सरकार में अजमेर से केबिनेट, राज्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष होने के बावजूद अजमेर को कोई विकास की सौगात नहीं दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम दिया कुमारी, जो अजमेर जिले की प्रभारी मंत्री भी हैं, बावजूद इसके बजट में अजमेर की उपेक्षा स्पष्ट नजर आती है।
बजट पर व्यंग्य
पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष ने व्यंग्य कसते हुए कहा:
“कोई तो सूद चुकाए, कोई तो जिम्मा ले!
उस इंक़लाब का जो अब तक उधार है !!”
बजट की आलोचना
राठौड़ ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग और मजदूर वर्ग के हितों के बजाय उद्योगपतियों के सामूहिक फायदे को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आम जनता, किसान, युवा, छोटे व्यापारी और महिलाओं के लिए यह बजट राहत नहीं बल्कि निराशा लेकर आया है।
पर्यावरण और विकास पर चिंता
राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में चल रहे खेजड़ी बचाओ महापड़ाव और अरावली बचाने की जद्दोजहद को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने मल्टीनेशनल कंपनियों को जमीन आवंटित करने की घोषणा की, जबकि पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी को लेकर कोई स्पष्ट नीति या कानून नहीं पेश किया।















































