लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
फूलों की होली से भक्तिमय हुआ माहौल
समदड़ी। होली पर्व के नजदीक आते ही कस्बे में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में खत्रियों के मोहल्ले स्थित सदियों पुराने चारभुजा ठाकुर जी मंदिर में महिला मंडल द्वारा भव्य फागोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान ठाकुर जी के समक्ष फूलों की होली खेलकर की गई। आसपास के गांवों से आई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एक नन्ही बालिका ने बालकृष्ण की झांकी प्रस्तुत कर फागोत्सव में चार चांद लगा दिए।
महिलाओं ने चारभुजा ठाकुर जी के सुप्रसिद्ध भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा मोहल्ला भक्तिमय वातावरण में रंग गया। महिला मंडल सदस्य शांति देवी प्रजापत एवं अन्य महिलाओं ने “रंग मत डाल रे कन्हैया, मेरी घागर भीगे रे” और “होली आई रे कन्हैया, ठाकुर जी के मंदिर में फूलों की होली खेले रे” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंदिर पुजारी रामस्वरूप वैष्णव ने बताया कि यह लगभग 700 वर्ष पुराना चारभुजा मंदिर है और प्रतिवर्ष फागुन माह में 4-5 बार फागोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, कार्तिक शुक्ल पक्ष में भगवान का विवाह उत्सव एवं बंदोला कार्यक्रम तथा प्रतिवर्ष खड़ी सप्ताह का आयोजन भी धूमधाम से किया जाता है, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु भाग लेते हैं।
इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्य शांति देवी प्रजापत, उमा देवी सोनी, शांति देवी व्यास, कमला देवी वैष्णव, उषा देवी व्यास, रुक्मणी देवी, लीला देवी तथा ढोलक वादक भरत वैष्णव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




















































