लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद। कुंवारिया तहसील क्षेत्र के फियावड़ी गांव में 11 फरवरी से मेवाड़ का महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। हजार से पंद्रह सौ संत-महंतों की मौजूदगी में श्री मंगरी श्याम भैरवनाथ भव्य मंदिर में विराजमान होंगे।
बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्ष पूर्व मुख्य भोपाजी किशन गाडरी को स्वप्न में आदेश मिलने के बाद मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हुआ। ग्रामीणों और भामाशाहों के सहयोग से तैयार यह आस्था धाम अब भक्तों के लिए पूरी तरह तैयार है।
महोत्सव की शुरुआत 11 फरवरी को सुबह 9 बजे गणपति स्थापना और अनुष्ठान के साथ होगी। 12 फरवरी को फियावड़ी हनुमान मंदिर से विशाल कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कुंवारिया, आमेट और नाथद्वारा क्षेत्र की 5100 महिलाएं कलश धारण कर शामिल होंगी।
12 फरवरी से वृंदावन धाम के कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर भागवत कथा करेंगे। वहीं 13 से 15 फरवरी तक आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि का आशीर्वचन मिलेगा। 18 से 20 फरवरी तक देवी चित्रलेखा का सत्संग आयोजित होगा।
11 से 19 फरवरी तक प्रतिदिन रात 8 बजे भव्य भजन संध्या होगी। महोत्सव के लिए 25 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला विशाल पंडाल बनाया गया है। प्रतिदिन शाम 4 बजे महाप्रसादी का आयोजन होगा।
16 फरवरी को जल यात्रा, मंडप प्रवेश और अग्नि स्थापना के साथ यज्ञ शुरू होगा, जबकि 20 फरवरी को सुबह 9 बजे मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के साथ महोत्सव का समापन होगा।
इन दिनों फियावड़ी गांव में भक्ति और उत्सव का माहौल बना हुआ है।

















































